मंगलवार, 21 जुलाई 2009

अपने गीतों को सुव्यवस्थित करें

कुछ लोगों को कंप्यूटर पर संगीत सुनना बहुत पसंद होता है। ऐसे लोगों के कंप्यूटर पर हज़ारों गीत पड़े होते हैं जो सुव्यवस्थित नहीं होते। जो सामने दिख जाता है बस उसे सुनने लगते हैं। अतः एक दिन जब हम वो गीत ढूँढने लगते हैं जो हमने एक महीने पहले सुना था और हमे बहुत पसंद आया था, तब वो नही मिलता। इसलिए ये अत्यावश्यक है कि हम गीतों को सुव्यवस्थित तरीके से सहेजें। आपकी मदद करने केलिए प्रस्तुत है कुछ टिप्पणियाँ।

अपने गीतों को व्यवस्थित करने केलिए ID3 टॅग्स को समझना आवश्यक है। संगीत फाइल के अंदर संगीत से संबंधित कुछ तथ्य सहेजने केलिए ID3 टॅग्स का प्रयोग होता है। इनकी सहायाता से फाइल के अंदर ही चलचित्र, संगीतकार, गीतकार आदि के नाम सहेजे जा सकते हैं।

अपनी संगीत संग्रह को सुव्यवस्थित करने केलिए पहला कदम होगा audio shell tag editor का अधिभरण कर उसे संस्थापित करना। इसे संस्थापित करने के पश्चात संगीत फाइल के गुणों में tag editor नाम का टैब आ जाता है। किसी एक फोल्डर के सभी गीतों को साथ में चुन कर उनके बारे में सामान्य तथ्य उनमें डाल दीजिए जैसे की चलचित्र का नाम आदि। इसके लिए फाइल के उपर दाहिना क्लिक कर के गुण चुनें और tag editor टैब में जाएँ। इसमें थोड़ा समय लग सकता है।

अब समय है कुछ गंभीर सुनियोजन करने का। इसके लिया mediamonkey का अधिभरण कर संस्थापन करें। ये केवल 10 मेगा बाइट का है। फिर इसे चालू कर के अपने सारे गाने इसके संग्रह में आयात करें। औजारपट्टी पर "show album art with details" और "show track browser" चुनें। इस अवलोकन से आपको कोई भे गीत आसानी से मिल जाएगा। किसी गाने के बारे में अधिक तथ्य डालने केलिए उसपर दाहिना क्लिक कर के auto tag from the web पर क्लिक करें। हालाँकि ये हिन्दी गानों पर बहुत अच्छे प्रकार से काम नहीं करता, पर यदि आपके संग्रह में अँग्रेज़ी गाने भी हैं तो ये बहुत सहायक सिद्ध होगा।

Track browser पर क्लिक करने से जो विचरक आया था उसमें व्यतिक्रम रूप से गीतकार (Artist), चलचित्र (Album) और शैली (Genre) उपलब्ध होते हैं। आप इसके उपाधि के उपर दाहिना क्लिक कर के किसी और प्रकार का वर्गीकरण भी चुन सकते हैं जैसे की गुणांकन, तिथि आदि। गुणांकन डालने केलिए गाने पर दाहिना क्लिक कर के my rating में जा कर गुणांकन दें।

आप mediamonkey से संगीत सूची (playlist) बना कर उसे .m3u फाइल के रूप मे सहेज सकते हैं जिससे आप अपने पसंदीदा गीतों को दूसरे सॉफ़्टवेयर से भी सुन सकते हैं। आप इसे अपने Ipod अथवा किसी और वाहनीय संगीत वादक में संगीत डालने केलिए भी प्रयोग कर सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर ये फाइल का आकर छोटा भी कर सकता है।

अब आप कोई भी गीत औजारपट्टी में स्थित खोज स्थान से भी खोज सकते हैं। यदि आप अपने गीतों को सुव्यवस्थित करने में सफल होते हैं तो इसमें कोई भी शक नहीं  है की आप गीतों का अधिक आनन्द उठा पाएँगे।

मंगलवार, 14 जुलाई 2009

आपके कम्प्यूटर पर हिन्दी

भारतीयों ने इंटरनेट और उससे जुड़ी तकनीकों को बहुत तेज़ी से अपनाया है। बहुत सारे लोग कई प्रकार की सेवाओं का प्रयोग कर रहे हैं। पर ज़्यादातर लोग इन सेवाओं का प्रयोग कर के ही संतुष्ट हैं। जो लोग भाषा संबधित बदहों के कारण इन सेवाओं का प्रयोग नहीं कर पा रहे उन तक इन सेवाओं को पहुँचाने का प्रयास बहुत कम लोग कर रहे हैं। जो संस्थाएँ भारतीयों केलिए सेवाएँ बना रही है वो भी उन्हे अँग्रेज़ी में बनाने केलिए बाध्य हैं अन्यथा उनकी सेवा पुर भारत में प्रयोग नहीं हो पाएगी। इन सब के कारण जो लोग केवल अपनी क्षेत्रीय भाषा को ही अच्छे तरीके से जानते हैं वो कम्प्यूटर का प्रयोग नहीं कर पाते। इसलिए आज मैं आपको बताउँगा की आप कम्प्यूटर पर हिन्दी कैसे प्रयोग कर सकते हैं।

गूगल की विख्यात खोज सेवा हिन्दी में उपलब्ध है। हिन्दी गूगल में आप आसानी से हिन्दी में खोज कर सकते हैं। विकिपीडिया का विख्यात विद्यवली हिन्दी में उपलब्ध है। इसके लिए hi.wikipedia.org पर जाएँ। यहाँ पर कई हिन्दी लेख उपलब्ध हैं। आप भी अपना योगदान कर सकते हैं।

इंटरनेट पर हिन्दी में खोज करने केलिए hinkhoj.com अथवा raftaar.com पर जाएँ। गूगल और इनमे अंतर यह है कि गूगल केवल यूनिकोड हिन्दी खोजता है।

हमें कई बार हिन्दी में अनुवाद करने की आवश्यकता पड़ती है और अँग्रेज़ी शब्दों केलिए हिन्दी शब्द खोजते हैं। आपकी सहयता करने केलिए इंटरनेट पर शब्दकोष उपलब्ध है। इसके लिए shabdkosh.com पर जाएँ।

अंततः हम आते हैं हिन्दी लिखने पर। यद्यपि हिन्दी कुंजीपटल उपलब्ध है, पर यह बहुत कम स्थानों पर मिलता है। और थोड़ा बहुत लिखने केलिए नया कुंजीपटल का प्रयोग करना सीखना भी आसान नहीं होगा। अतः हिन्दी लिखने का एक आसान तरीका निकाला गया है। यह स्वरों और व्यंजनों की ध्वनि के आधार पर अंग्रज़ी शब्दों को हिन्दी में परिवर्तित करता है। इसका प्रयोग करना बेहद आसान है। यह लेख इसी तकनीक का प्रयोग कर लिखा जा रहा है। इस तकनीक का प्रयोग कर हिन्दी लिखने केलिए आप baraha का अधिभरण कर सकते हैं।

यदि आप के पास 24 घंटे का इंटरनेट सेवा उपलब्ध हो तो आप quillpad.in का प्रयोग कर सकते हैं। यह आपके लिखे शब्दों को ध्वनि के आधार पर परिवर्तित करता है, फिर उसे अपने शब्दकोष से मिला कर सही शब्द लिखता है। अतः आपको लिखने केलिए कोई कठिन नियम नहीं सीखना होगा और वर्तनी की अशुद्धियाँ भी नहीं रहेंगी।

baraha और quillpad दोनो ही कुछ और भारतीय भाषा भी प्रदान करते हैं।

यह सब करने से पहले यह ध्यान रखें की आपके कंप्यूटर पर हिन्दी दिखलने की क्षमता होना आवश्यक है। इसके लिए control panel खोलें और regional and language options में जाएँ। उसके अंदर languages टैब में जाएँ। वहाँ पर install files for East Asian Languages के सामने चिन्ह लगा के apply पर क्लिक करें। इस जगह पर आपको विंडोज़ की सीडी डालने की आवश्यकता होगी।

विंडोज़ का हिन्दी में प्रयोग करने केलिए आप bhashaindia.com से हिन्दी LIP का अधीभारण कर सकते हैं, पर इसके लिये आपके पास असली अर्थात खरीदा हुआ विंडोज़ होना आवश्यक है।

इस मौके पर मैं baraha, quillpad.in और shabdkosh.com को धन्यवाद कहना चाहूँगा। उनके बिना मेरा ये ब्लॉग लिखना संभव नही होता।

शनिवार, 11 जुलाई 2009

Everything Search से अपने फाइलों को खोजें

लोग अक्सर शिकायत करते हैं की विंडोज़ कंप्यूटर पर फाइलों को खोजने में बहुत वक्त लगता है। इसका मुख्य कारण यह है की विंडोज़ फाइल को खोजते वक्त हर फोल्डर को एक-एक कर जाँचता है, इसके कारण वक्त बहुत अधिक लगता है। कई ऐसे सॉफ़्टवेयर हैं जो फाइलों और फोल्डेरों की सूची बना कर रखते हैं और जब व्यक्ति खोज करता है तब केवल उस सूची से परिणाम दिखाए जाते हैं। पर इन्हे भी लोग अधिक पसंद नही करते क्यूंकी सूची बनाने मे बहुत वक्त लगता है। अतः सूची बनाने का काम प्रीस्तभूमि में चलता रहता है जिससे कंप्यूटर धीरे काम करने लगता है और अनम्य डिस्क (hard disk) पर भी अनावश्यक ज़ोर पड़ता है।
इस समस्या का समाधान है Everything Search। ये अनम्य डिस्क पर उपलब्ध फाइल विषय सूची का प्रयोग कर तुरंत फिलों की सूची तैयार कर लेता है। मैं यहाँ पर अपने कंप्यूटर का उदाहरण देना चाहूँगा। इसके 250 गिगा बाइट के अन्म्य डिस्क, जिसपर 60 गिगा बाइट रिक्त है, .पर सूची बनाने मे इसे 20 सेकंड लगते हैं। इसके बाद किसी भी फाइल का नाम लिखते ही परिणाम सामने आ जाता है।
बेहद सरल दिखने वाले everything search के विंडो में केवल एक मेनू बार और एक खोज शब्द लिखने का स्थान है। बाकी स्थान परिणाम दिखनाए केलिए प्रयोग होता है। इसे फोल्डर के संदर्भ मेनू से भी आरंभ कर सकते हैं, अतः किस भी फोल्डर में खोज करने केलिए केवल दो क्लिक की आवश्यकता होती है।
ध्यान रखें की इसे केवल NTFS संरूप वाले अनम्य डिस्क पर ही प्रयोग किया जा सकता है। केवल 272 किलो बाइट के इस सॉफ़्टवेयर को डाउनलोड कर सीधे चलाया जा सकता है। इसे यहाँ से प्राप्त करें।

सोमवार, 6 जुलाई 2009

CCleaner से अपने कंप्यूटर का अनुरक्षण करें


इसमें कोइ शक नहीं है कि विन्डोज़ दुनिया का सबसे अधिक प्रयुक्त होने वाला प्रचालन तन्त्र है। पर इसका यह अर्थ नहीं है कि उसमें खामियाँ नहीं हैं। इनमें से एक है इसकी रेजिस्ट्री का हर रोज बढ़ता आकार। रेजिस्ट्री वो स्थान है जहाँ विंडोज़ अपने सेटिंग सहेजता है। आस्थाई फाइलों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी होती रहती है। इसका कारण यह है कि जो सॉफ़्टवेयर उनका प्रयोग करते हैं, वे उन्हे हटते नहीं हैं। जब हम सॉफ़्टवेयर को कम्प्यूटर से हटाते हैं तो उनसे संबंधित रेजिस्ट्री प्रविष्टियाँ और आस्थाई फाइलें कम्प्यूटर में छोड़ दिए जाते हैं। इन सब के कारण कम्प्यूटर समय के साथ धीरे काम करने लगता है।
इंटरनेट पर कई सॉफ़्टवेयर उपलब्ध हैं जो इस समस्या का समाधान कर सकते हैं। इनमें से एक है CCleaner। CCleaner को प्रयोग करना बेहद आसान है और कम्प्यूटर को अच्छे से न समझने वेल लोग भी इसका प्रयोग कर सकते हैं। यह रेजिस्ट्री से अनचाही प्रविष्टियाँ हटाता है और आस्थाई फाईलों की संख्या भी कम करता है। यह कई सॉफ़्टवेयरों की हाल में प्रयुक्त फाईलों की सूची भी हटाता है और इस प्रकार अनचाहे फाईलों की संख्या कम करता है। इससे कम्प्यूटर चालू होने पर अपने आप चालू होने वाले प्रोग्राम को भी हटाया जा सकता है। रेजिस्ट्री प्रविष्टियों को हटाने से पहले उनकी प्रतिलिपि भी बनाई जा सकती है।
इसे यहाँ से प्राप्त करें।
डाउनलोड कर सीधे चलाने केलिये यहाँ से CCleaner Portable डाउनलोड करें।