बुधवार, 4 अगस्त 2010

अपने कंप्यूटर को समझें

आज कल कंप्यूटर प्रायः हर उस घर में पाया जाता हैं जहाँ पर कोई भी विद्यालय अथवा कॉलेज जाने वाला छात्र हो| प्रायः सभी लोग कंप्यूटर पर गाने सुनने, सिनेमा देखने और ई-मेल देखना जानते हैं| पर कंप्यूटर पर में यदि साधारण सी भी परेशानी आ जाए, तो उसे सुलझाना नहीं जानते| ऐसी परेशानियाँ हैं, कंप्यूटर में वाइरस आ जाना, कंप्यूटर का चालू ना होना, अत्यधिक धीमे गति से काम करना आदि| वास्तव में ऐसी साधारण परेशानियाँ बड़ी आसानी से हल हो जाती हैं| पर उसे हल करने केलिए आवश्यक है की आप अपने कंप्यूटर के हिस्सों को समझें|
अतः आज मैं आपको ऐसी परेशानियों का हल तो नहीं बताउँगा, पर आपके कंप्यूटर के अंदर क्या है, ये समझाऊँगा| साधारण समस्याओं के हल केलिए मैं इसके आगे भी लिखूंगा|
कंप्यूटर के बाहर से साधारणतः ५ हिस्से दिखते हैं:
१. मॉनिटर
२. कीबोर्ड
३. माउस
४. स्पीकर
५. कॅबिनेट
आम बोल-चाल में इन शब्दों का प्रयोग होता है और इनके हिन्दी शब्द, यदि उपलब्ध हों, तो भी हम उनसे परिचित नहीं होंगे, इस कारण से मैं इनका अँग्रेज़ी नामों का ही प्रयोग करूँगा|
मॉनिटर, कीबोर्ड, माउस और स्पीकर तो आप सभी जानते होंगे| मैं केवल इतना जोड़ना चाहूँगा की आपका कंप्यूटर आपके मॉनिटर से बिल्कुल पृथक है, आप अपने कंप्यूटर को हाथ लगाए बिना अपना मॉनिटर बदल सकते हैं और आपका कंप्यूटर वही रहेगा, उसमे कोई बदलाव नहीं आएगा|
पर ये कॅबिनेट (cabinet) शब्द आप लोगों को शायद समझ नहीं आया होगा| ये वही है जिसमे कंप्यूटर के सभी मुख्य हिस्से होते हैं| इसे कई लोग साधारण रूप से CPU भी कहते हा| पर यह भी कंप्यूटर का मुख्य हिस्सा नहीं है| बाहर से जो दिखता है वह केवल एक डब्बा होता है जो कि इस प्रकार बना होता है की कंप्यूटर के सभी हिस्से उसमें लगाए जा सकें| तो आइए देखते हैं की इस डब्बे के अंदर क्या होता है| मैं पहले ही बता दूँ की इसके अंदर कई हिस्से हो सकते हैं, पर मैं यहाँ पर केवल उनकी चर्चा करूँगा जो हर कंप्यूटर में होते हैं| ये हिस्से इस प्रकार हैं:
१. प्रोसेसर अथवा संसाधित्र (Processor)
२. मदरबोर्ड अथवा उदगम पटल(Motherboard)
३. रॅम अथवा यादृच्छिक अभिगम स्‍मृति (RAM)
४. हार्ड डिस्क ड्राइव अथवा अनम्यिका (Hard Disk Drive)
५. SMPS (कोई हिन्दी नहीं है)
इसके अलावा DVD ड्राइव भी पाया जाता है, पर उससे आप सब परिचित हैं, इसका काम केवल CD अथवा DVD चलाना होता है|
प्रोसेसर वह है जो आपके कंप्यूटर पर सारा परिकलन करता है| मैं साधारण गणित की बात नहीं कर रहा, कंप्यूटर केलिए हर निर्देश एक गणित के प्रश्न के समान है| जब आप कीबोर्ड पर कोई कुंजी दबाते हैं तो आपने कौन सी कुंजी दबाई, यह समझने केलिए भी कंप्यूटर को कुछ गणना करनी पड़ती है| माउस से किया गया क्लिक भी किस स्थान पर किया गया ये पता करने केलिए कुछ गणना/परिकलन की आवशकता होती है| ये सारा काम आपका प्रोसेसर करता है|
प्रोसेसर ऐसा दिखता है| ये मदरबोर्ड पर लगा होता है| इसके उपर इसे ठंडा रखने केलिए एक पंखा लगा होता है, इसलिए अपना कॅबिनेट खोलने पर भी ये आपको नहीं दिखेगा|
मदरबोर्ड वह वास्तु है जो उक्त सभी हिस्सों को साथ जोड़ने के काम आता है| आपका मॉनिटर, स्पीकर, कीबोर्ड और माउस भी मदरबोर्ड पर से ही जुड़े होते हैं|
रॅम एक अस्थाई स्मृति कोष है| इसमे कम्प्युटर वह आधार सामग्री सहेजता है जिसकी उसे वर्तमान समय मे आवश्यकता होती है|
 उदाहरण- जब आप MS Word पर काम कर रहे होते हैं तो जबतक आप उसे सुरक्षित नहीं करते तबतक वो रॅम पर रहता है| इसके अलावा कोई भी अनुप्रयोग जब चल रहा हो, तो उससे संबंधित सभी फाइल रॅम पर ही होते हैं जिससे वो तेज़ी से काम कर सके|

हार्ड डिस्क वह हिस्सा है जिसमे आपकी सभी फाइलें सहेज़ी जाती हैं| My Computer में दिखाई देने वाला C:, D: आदि इसी हार्ड डिस्क पर बनाए गये हिस्सों की ओर इंगित करता है| इसके बारे में मैं अपनी अगली प्रविष्टी में विस्तार में लिखुँगा|



SMPS वो हिस्सा है जो इन सभी उपकरणों तक विद्युत पहुँचाता है| हर उपकरण में एक विशेष प्रकार का पिन होता है जिससे कभी उसमे ग़लत तार ना लगे (क्योंकि हर उपकरण की विद्युत आवश्यकता अलग होती है)|
इन सभी हिस्सों को कैबिनेट के अन्दर लगाया जाता है| अपना कैबिनेट खोलने पर आप इन सभी हिस्सों को पहचान सकेंगे| पर ध्यान रहे, कंप्यूटर को बंद किये बिना अपना कैबिनेट कभी न खोलें, इससे आपको बिजली के झटके लग सकते हैं|
तो अपने कंप्यूटर को भली प्रकार से समझने हेतु अपना कैबिनेट खोल कर देखें और इन सभी हिस्सों को पहचानें| और अगली प्रविष्टी की प्रतीक्षा करें|

1 टिप्पणी:

  1. गौरव जी, प्रसंसनीय प्रयास कर रहे हैं....यूँ ही जानकारी एवं जागरूकता बढ़ाते रहें...

    जवाब देंहटाएं